असम विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रचंड जीत के बाद राज्य में सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। रविवार (10 मई 2026) को गुवाहाटी में हुई एक अहम बैठक में डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल और एनडीए (NDA) का नेता चुन लिया गया है।
हिमंता बिस्वा सरमा अब 12 मई 2026 को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
JP नड्डा की मौजूदगी में हुआ फैसला
गुवाहाटी में आयोजित विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद थे। बैठक के दौरान आठ विधायकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए हिमंता बिस्वा सरमा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी नवनिर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।
राज्यपाल से मिलकर पेश किया सरकार बनाने का दावा
नेता चुने जाने के तुरंत बाद, हिमंता बिस्वा सरमा राजभवन पहुंचे और राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की। उन्होंने एनडीए के 102 विधायकों के समर्थन वाला पत्र राज्यपाल को सौंपकर अगली सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया।
शपथ ग्रहण समारोह की मुख्य बातें
- तारीख: 12 मई 2026
- मुख्य अतिथि: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।
- उपस्थिति: समारोह में 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और कई दिग्गज उद्योगपतियों के शामिल होने की उम्मीद है।
- स्थान: गुवाहाटी का खानापारा वेटरनरी कॉलेज फील्ड।
असम में एनडीए की रिकॉर्ड जीत
बता दें कि 126 सदस्यीय असम विधानसभा में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसमें बीजेपी ने अकेले 82 सीटें जीती हैं, जबकि सहयोगी दल AGP और BPF ने 10-10 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं, विपक्षी कांग्रेस गठबंधन मात्र 19 सीटों पर सिमट गया।
हिमंता बिस्वा सरमा का बयान
जीत और दोबारा नेता चुने जाने के बाद सरमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा:
”असम की जनता ने हमें लगातार तीसरी बार (NDA सरकार) सेवा करने का आशीर्वाद दिया है। हमारा लक्ष्य असम को देश के सबसे विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना है। हम अगले 5 साल विकास की गति को और तेज करेंगे।”