भोपाल। राजधानी की जीवनदायिनी कलियासोत नदी को बारहमासी और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए आगामी 31 मई 2026 को एक वृहद ‘कलियासोत रिवर रैली’ (KRR) का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नदी के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और जलभराव क्षमता को बढ़ाने के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार करना है।
इस महत्वपूर्ण अभियान के प्रथम चरण में विशेषज्ञों की टीम कलियासोत नदी के 7 किलोमीटर के दायरे (Reach) का स्थलीय निरीक्षण करेगी। इस टीम में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री अशोक मिश्रा, भूजल जलविज्ञानी (Ground Water Hydrologist) डॉ. ए.के. विश्वकर्मा, अर्बन प्लानर पवन साहितानी और पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. सीताराम टैगोर सहित कई अन्य विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। यह टीम नदी की भौगोलिक संरचना (Morphological Characteristics) को नुकसान पहुंचाए बिना जल भंडारण, सीवेज डिस्पोजल पॉइंट्स की पहचान और नदी तट कटाव (River Bank Erosion) को रोकने के लिए विस्तृत योजना तैयार करेगी।
बिल्डर्स के लिए सख्त नियम और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पर जोर
इस अभियान का एक बड़ा उद्देश्य शहरी वॉटरशेड क्षेत्रों में रूफटॉप रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देना है। इसके तहत आस-पास के बिल्डर्स द्वारा रेन वॉटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का निर्माण अनिवार्य करने के लिए नगरीय विकास एवं आवास विभाग (UADD) या नगर तथा ग्राम निवेश (T&CP) के माध्यम से निर्देशित कराया जाएगा। साथ ही, 22 किलोमीटर के क्षेत्र में नदी तट और उससे मिलने वाले नालों के किनारे सघन वृक्षारोपण तथा नदी से गाद (Silt) हटाने की कार्ययोजना भी बनाई जाएगी, ताकि गर्मी के दिनों में भी नदी में कम से कम 3-4 मीटर पानी उपलब्ध रहे।