मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 10 फीट लंबा रॉकेट और भारी मात्रा में हथियार बरामद

मणिपुर में 10 फीट लंबा रॉकेट और हथियारों का जखीरा बरामद
चुराचांदपुर: मणिपुर में अवैध हथियारों और विस्फोटकों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में चुराचांदपुर जिले में संयुक्त अभियान के दौरान हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। बरामद सामान में चीन निर्मित मोर्टार, ग्रेनेड, रॉकेट और आईईडी भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को चुराचांदपुर जिला पुलिस, 2 जेएके एलआई और 19 गढ़वाल राइफल्स की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर कांगवई सब-डिवीजन के पी. जेलजांग गांव के आसपास जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों को हथियारों का छिपाकर रखा गया जखीरा मिला।
कार्रवाई में चीन निर्मित 82 एमएम के चार मोर्टार, करीब 10 फीट लंबा और लगभग 80 किलोग्राम वजनी एक रॉकेट, पांच चीनी ग्रेनेड और छह इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किए गए। इसके अलावा 82 एमएम और 51 एमएम के कुल 30 मोर्टार बम, एक सीएमजी, एक पिस्टल, दो सिंगल बैरल राइफल और 5.6 एमएम के पांच कारतूस भी मिले।
पुलिस के मुताबिक, बरामद हथियारों और विस्फोटकों को लेकर आगे की जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास करेंगी कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किस उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था।
मणिपुर में मई 2023 से जारी जातीय संघर्ष के बाद से अवैध हथियारों की बरामदगी सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम चुनौती बनी हुई है। ऐसे में इस तरह की कार्रवाई को हथियारों की अवैध आवाजाही रोकने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के प्रयासों से जोड़कर देखा जा रहा है।




Leave a Reply