Thursday, 12 November 2026
BREAKING
Simhasth 2028

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: मध्यप्रदेश के 9 शहरों को राष्ट्रीय पुरस्कार, इंदौर-देपालपुर की जोड़ी ने भी हासिल की उपलब्धि

By · November 12, 2026 · 1:27 pm · 9 min read

मध्यप्रदेश के 9 शहरों को स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार

भोपाल: स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में मध्यप्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। प्रदेश के नौ शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में शहरों को सम्मानित किया।

इस वर्ष मध्यप्रदेश के इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, देवास, बुदनी और देपालपुर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। प्रदेश को कुल नौ राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए, जो सभी राज्यों में सर्वाधिक हैं।

इंदौर बना मेंटर, देपालपुर को मिला दूसरा स्थान

इस बार स्वच्छ शहर जोड़ी यानी मेंटर-मेंटी श्रेणी में इंदौर और देपालपुर की जोड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। इस मॉडल के तहत इंदौर ने देपालपुर को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने में मार्गदर्शन दिया। अहमदाबाद-साणंद की जोड़ी पहले और तिरुपति-कुप्पम की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही।

इंदौर के मार्गदर्शन में देपालपुर में घर-घर कचरा संग्रहण, चार श्रेणियों में कचरे का पृथक्करण और पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया। इससे पुराने कचरे के ढेर को हटाकर जमीन को दोबारा उपयोग के योग्य बनाया गया।

उज्जैन, देवास और रीवा ने भी हासिल की बड़ी उपलब्धि

उज्जैन ने 3 लाख से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। शहर में कचरे के पृथक्करण और धार्मिक स्थलों से निकलने वाले फूलों के पुनः उपयोग जैसे प्रयास किए गए। देवास ने 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया।

वहीं, रीवा ने स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया। जबलपुर को 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान मिला। सागर ने 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि बुदनी को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में तीसरा स्थान मिला।

ग्वालियर को राज्य का प्रथम स्वच्छ शहर पुरस्कार दिया गया। शहर में पुराने कचरे के निस्तारण और कचरा प्रसंस्करण से जुड़ी परियोजनाओं पर काम किया गया है।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के शहरों की इस उपलब्धि पर नागरिकों, नगरीय निकायों की टीमों, जनप्रतिनिधियों और सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में जनभागीदारी और सफाई मित्रों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

यह उपलब्धि प्रदेश में शहरी स्वच्छता, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी से किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती है।

Share: WhatsApp X Facebook

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *