उज्जैन पहुंचे सैयदना साहब, हसनजी बादशाह दरगाह और मजार-ए-नजमी पर की जियारत; CM ने दिया सिंहस्थ-2028 का न्योता

उज्जैन पहुंचे सैयदना साहब, CM ने दिया सिंहस्थ-2028 का न्योता
उज्जैन। दाऊदी बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु सैयदना डॉ. मुफद्दल सैफुद्दीन साहब 10 नवंबर को उज्जैन पहुंचे। उनके आगमन पर बड़ी संख्या में बोहरा समाज के लोग दर्शन के लिए जुटे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उनसे मुलाकात की और आगामी सिंहस्थ-2028 में शामिल होने के लिए उज्जैन आने का निमंत्रण दिया।
सैयदना साहब सोमवार रात करीब 9:30 बजे उज्जैन पहुंचे थे। शहर पहुंचने के बाद वे सबसे पहले खाराकुआं स्थित हसनजी बादशाह की दरगाह गए, जहां उन्होंने जियारत की। इसके बाद वे कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी पहुंचे और वहां अपने पूर्वजों की मजार पर जियारत की।
बोहरा समाज के लोगों ने किया स्वागत
सैयदना साहब के उज्जैन पहुंचने की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से भी बोहरा समाज के लोग उनके दर्शन के लिए पहुंचे। खाराकुआं और कमरी मार्ग पर बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। उनके स्वागत और भीड़ व्यवस्था के लिए बुरहानी गार्ड भी तैनात किए गए थे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की मुलाकात
मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कमरी मार्ग स्थित मजार-ए-नजमी पहुंचे और सैयदना साहब से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें सिंहस्थ-2028 के आयोजन में शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण दिया।
मुलाकात के दौरान मध्यप्रदेश में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक विकास पर चर्चा
सैयदना साहब ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने, रोजगार और आजीविका के नए अवसर तैयार करने तथा उद्यम गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर विचार रखे।
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में अस्पतालों और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा।
जल्द फिर उज्जैन आने की संभावना
मुलाकात के बाद सैयदना साहब तराना में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। समाज के जनसंपर्क अधिकारी अली असगर मोय्यदी के अनुसार, उनका उज्जैन प्रवास संक्षिप्त था। वे जल्द ही दोबारा उज्जैन आ सकते हैं और इस दौरान समाजजनों के बीच कुछ समय बिताएंगे।
उज्जैन के समाजजनों ने उनसे आगामी मुहर्रम का पर्व भी शहर में रहकर मनाने का आग्रह किया।




Leave a Reply