बांस की छड़ी से हॉकी का सफर शुरू करने वाले राजकुमार पाल को मिला अर्जुन पुरस्कार, ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ किया था निर्णायक गोल

राजकुमार पाल को मिला अर्जुन पुरस्कार, बांस की छड़ी से शुरू किया था सफर
कभी संसाधनों की कमी के कारण हॉकी स्टिक की जगह बांस की छड़ी से अभ्यास करने वाले गाजीपुर के राजकुमार पाल ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया है। भारतीय हॉकी टीम के मिडफील्डर राजकुमार पाल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में अर्जुन पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया। करमपुर गांव के मैदान से शुरू हुआ उनका सफर अब देश के प्रतिष्ठित खेल सम्मानों तक पहुंच गया है।
बचपन से ही हॉकी के प्रति था जुनून
राजकुमार पाल का जन्म 1 मई 1998 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के करमपुर गांव में हुआ था। उन्होंने करीब 10 साल की उम्र में हॉकी खेलना शुरू किया। उनके दोनों बड़े भाई भी हॉकी खेलते थे। उन्हें देखकर राजकुमार के मन में भी इस खेल के प्रति रुचि पैदा हुई।
गांव के मेघबरन सिंह स्टेडियम में उन्होंने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग ली। उस समय परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। खेल के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं होने के कारण राजकुमार पाल ने हॉकी स्टिक की जगह बांस की छड़ी से अभ्यास करना शुरू किया था।
लखनऊ से शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय करियर की राह
हॉकी के प्रति उनकी लगन और मेहनत को देखते हुए उन्हें आगे की ट्रेनिंग के लिए लखनऊ स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के स्पोर्ट्स हॉस्टल में जगह मिली। साल 2018 में राष्ट्रीय शिविर में बुलाए जाने के बाद उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की राह खुली।
टोक्यो ओलंपिक की भारतीय टीम में जगह नहीं मिलने से उन्हें निराशा जरूर हुई, लेकिन उन्होंने अभ्यास जारी रखा। लगातार अपने खेल में सुधार करते हुए उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह मजबूत की।
पेरिस ओलंपिक में ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ चमके
राजकुमार पाल के करियर का यादगार प्रदर्शन पेरिस ओलंपिक 2024 में देखने को मिला। भारत और ग्रेट ब्रिटेन के बीच पुरुष हॉकी का क्वार्टर फाइनल मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 से बराबर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में भारतीय टीम ने 4-2 से जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने अहम बचाव किए, जबकि राजकुमार पाल ने शूटआउट में ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ निर्णायक गोल दागकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम ने बाद में स्पेन को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप में भी दिखाया दम
राजकुमार पाल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाई है। साल 2024 में चीन में आयोजित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान उन्होंने मलेशिया के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी। इसके अलावा वह साल 2025 में राजगीर में आयोजित एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे।
अर्जुन पुरस्कार मिलने पर गाजीपुर में खुशी
राजकुमार पाल को अर्जुन पुरस्कार मिलने की खबर से उनके गांव और जिले में खुशी का माहौल है। करमपुर के मैदान से शुरुआत करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले राजकुमार की उपलब्धि को उनके लंबे संघर्ष और मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति भवन में सम्मान मिलने के साथ ही उनकी यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनी है।




Leave a Reply