Women’s Asian Champions Trophy: भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया, जीत के साथ शुरू किया खिताब बचाने का अभियान

Women’s Asian Champions Trophy: भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। गुरुवार को नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया। पहले हाफ में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मलेशिया ने बनाई बढ़त, भारत ने तुरंत की वापसी
मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में मलेशिया की नुरामिराह जुल्किफ्ली ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
भारत ने इसके अगले ही मिनट जवाब दिया। मुमताज खान ने 20वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
दूसरे हाफ में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन
तीसरे क्वार्टर में भारतीय कप्तान सलीमा टेटे ने 35वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के दौरान मिले मौके पर गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। इसके चार मिनट बाद 39वें मिनट में डेब्यू कर रहीं पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3-1 कर दी।
चौथे क्वार्टर में 49वें मिनट पर लालरेमसियामी ने पेनल्टी कॉर्नर से भारत का चौथा गोल किया। इसके बाद मलेशिया कोई और गोल नहीं कर सकी और भारत ने मुकाबला 4-1 से जीत लिया।
डेब्यू मैच में पूजा साहू बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
भारतीय टीम की ओर से मुमताज खान, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेमसियामी ने गोल किए। वहीं मलेशिया की ओर से नुरामिराह जुल्किफ्ली ने एकमात्र गोल किया।
इस मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करने वाली पूजा साहू ने गोल करने के साथ शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भोपाल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट
भोपाल के लिए यह आयोजन भी खास रहा, क्योंकि शहर पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पहले दिन बड़ी संख्या में दर्शक भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी मौजूद रहे।
21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से होगा अगला मुकाबला
भारतीय टीम अब 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट के कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर को टीमों के लिए विश्राम दिवस रखा गया है। भारत की नजर अगले मुकाबले में भी जीत दर्ज कर खिताब बचाने की अपनी कोशिश को आगे बढ़ाने पर होगी।




Leave a Reply