Sunday, 25 October 2026
BREAKING
National

इंदौर में अंडरग्राउण्ड मेट्रो के लिए केन्द्र सरकार ने दी सहमति

By · December 21, 2025 · 3:22 pm · 20 min read

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल में मेट्रो ट्रेन का संचालन प्रारंभ होने से आज नया इतिहास बन रहा है। भोपाल को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आधुनिक और सुरक्षित परिवहन की सौगात दी है। मध्यप्रदेश को पहले इंदौर में यह सौगात मिल चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो की सहमति भी आज केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने प्रदान की है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी और केन्द्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल अभिनंदन के पात्र हैं। इस अवसर पर कुल 5800 करोड़ के 262 विकास कार्यों का सिंगल क्लिक से शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में भोपाल मेट्रो शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

भोपाल महानगरीय क्षेत्र

कार्यक्रम में प्रदेश के प्रथम भोपाल महानगरीय क्षेत्र (मेट्रोपोलिटन एरिया) का मैप (मानचित्र) भी लांच किया गया। भोपाल महानगरीय क्षेत्र में भोपाल जिले सहित राजधानी के पड़ोसी 5 जिलों रायसेन, विदिशा, राजगढ़, सीहोर और नर्मदापुरम का क्षेत्र शामिल रहेगा। इसमें कुल 12 नगरीय क्षेत्र और 30 तहसीलें शामिल रहेंगी। इस क्षेत्र में लगभग 2524 ग्राम, कुल 12,099 वर्ग किलोमीटर के साथ सम्मिलित होंगे। उल्लेखनीय है कि इसके लिए महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के गठन की पहल की गई है। मंडीदीप सहित गोंविदपुरा औद्योगिक क्षेत्र, भोपाल आई.टी. पार्क, सीहोर जिले का आष्टा एग्रो प्रोसेसिंग और नर्मदापुरम जिले का मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया भी महानगर क्षेत्र में शामिल रहेगा। लगभग 10 लाख नए रोजगार उत्पन्न होंगे। मेट्रो के विस्तार और बेहतर सड़क और रेल सम्पर्क से राज्य और देश के अन्य शहरों तक सुगम पहुंच होगी। पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। भोपाल महानगरीय क्षेत्र का विकास योजनाबद्ध, समन्वित और भविष्य के अनुरूप हो सकेगा। यह परियोजना राज्य को भारत के अग्रणी आर्थिक विकास क्षेत्रों में शामिल करने में सहयोगी होगी। अधोसंरचना को सशक्त कर महानगर क्षेत्र के कस्बों, नगरों के परस्पर सम्पर्क में वृद्धि होगी और आर्थिक प्रगति एवं समग्र विकास की दृष्टि से मेट्रोपोलिटन एरिया का लाभ नागरिकों को मिलेगा। सम्पूर्ण आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश सभी क्षेत्रों में विकास कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर से मनमाड के लिए रेल लाइन की स्वीकृति दी गई थी। भारत सरकार द्वारा प्रदान की गई। इस मंजूरी से मध्यप्रदेश लाभान्वित होगा। इस कार्य पर 18,500 करोड़ रुपए व्यय होंगे। इसके साथ ही उज्जैन-जावरा ग्रीन फील्ड हाईवे और आगरा-ग्वालियर हाई-स्पीड कॉरिडोर परियोजनाएं मध्यप्रदेश को लाभान्वित करेंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आवास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य योजनाओं में एवं पुराने प्रोजेक्ट में भी भारत सरकार का सहयोग मिल रहा है। आवास योजनाओं में हितग्राही को आवास गृह का स्वामी बनाने के साथ ही किराए पर आवास उपलब्ध करवाने का नवाचार भी किया गया है, जिसके लिए केंद्रीय मंत्री ने स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में आज चार राज्यों के नगरीय विकास मंत्रियों की क्षेत्रीय बैठक में मध्यप्रदेश को हर संभव सहयोग प्रदान करने की बात कही गई है। यह संतोष और आनंद का विषय है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे राष्ट्रों से आगे बढ़ने की स्थिति में है। प्रधानमंत्री श्री मोदी अभिनंदन के पात्र हैं। उन्होंने भारत को उन्होंने अनेक वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी है, जिससे हमारे मध्य प्रदेश के नगर भी लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल में मेट्रो ट्रेन संचालन प्रारंभ होने पर समस्त नागरिकों को बधाई दी।

भोपाल में मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि मध्यप्रदेश विकास की नई बुलंदियों को छुए। मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास की गति डबल हो गई है। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का लाभ मध्यप्रदेश को मिला है। यही समय है जो सही समय भी है। वर्ष 2014 में मेट्रो ट्रेन 4 शहरों तक सीमित थी। अब दो दर्जन से अधिक शहरों में एक हजार किलोमीटर से अधिक का मेट्रो ट्रेक है। भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश है। भोपाल में 7 किलोमीटर के मेट्रो ट्रेक का शुभारंभ से शहरी विकास को नए आयाम मिले हैं।

केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में मेट्रो ट्रेन का संचालन सुखद है। मेट्रो ट्रेन के संचालन से जहां समय बचता है, वहीं पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित होता है। यातायात के बड़े और महत्वपूर्ण साधन के रूप में मेट्रो ट्रेन का योगदान है। भारत सरकार द्वारा प्रदूषण से बचाव के लिए ई बसों के चलन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। लगभग 10,000 ई-बसें प्रारंभ होना है, जो बड़े नगरों को प्रदान की जाएगी। केंद्रीय मंत्री श्री खट्टर ने भोपाल में 30 किलोमीटर क्षेत्र की मेट्रो ट्रेन के प्रथम चरण के शुभारंभ पर सभी को बधाई दी। उन्होंने महानगरीय क्षेत्र बनाने की पहल की भी प्रशंसा की। भोपाल के निकटवर्ती जिलों को महानगरीय क्षेत्र में शामिल होकर विकास के नए आयाम प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, राजस्थान के मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा, उत्तरप्रदेश के मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा एवं राज्यमंत्री श्री राकेश राठौर भी शामिल हुए। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवासीय मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, महापौर भोपाल श्रीमती मालती राय, अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Share: WhatsApp X Facebook

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *