Thursday, 5 November 2026
BREAKING
Sports

विराट कोहली 38 साल के हुए, धवन-रैना और दिनेश कार्तिक ने खास अंदाज में दी जन्मदिन की बधाई

By · November 5, 2026 · 1:40 pm · 11 min read

विराट कोहली 38 साल के हुए, धवन-रैना और दिनेश कार्तिक ने दी जन्मदिन की बधाई

भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली गुरुवार, 5 नवंबर को अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर क्रिकेट जगत से उन्हें लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन, सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक, मोहम्मद शमी और मनोज तिवारी समेत कई खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर उनके लिए खास संदेश साझा किए।

कोहली के लिए इस बार जन्मदिन का जश्न और भी खास हो गया, क्योंकि उन्होंने इससे ठीक एक दिन पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने 51 गेंदों पर 74 रन बनाए और भारत को पांच विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

शिखर धवन ने बताया लाखों लोगों की प्रेरणा

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने विराट कोहली को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके जुनून और खेल के प्रति समर्पण की तारीफ की। उन्होंने लिखा कि कोहली का खेल के प्रति जुनून और जीत की भूख लाखों लोगों को प्रेरित करती है। धवन ने उनके आने वाले साल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

वहीं, पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने कोहली को ‘किंग’ बताते हुए उनके शानदार कवर ड्राइव और यादगार रन चेज का जिक्र किया। रैना ने कहा कि कोहली को बल्लेबाजी करते देखना उनके लिए हमेशा खुशी की बात रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विराट आगे भी देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

दिनेश कार्तिक ने फिटनेस की तारीफ की

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने भी विराट कोहली को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि हर साल वही जुनून और वही आग देखने को मिलती है। 38 साल की उम्र में भी विराट जितने फिट नजर आते हैं, वह अपने आप में खास है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनोज तिवारी ने भी कोहली के साथ पुरानी साझेदारी को याद किया। उन्होंने कहा कि कुछ साझेदारियां केवल बनाए गए रनों के लिए नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी यादों के लिए भी खास होती हैं। उन्होंने विराट को आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहने की शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा मोहम्मद शमी और मुनाफ पटेल ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। मुनाफ ने विराट के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।

जन्मदिन से पहले विराट ने खेली शानदार पारी

विराट कोहली ने जन्मदिन से एक दिन पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में 51 गेंदों पर 74 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत को 32 ओवर में 143 रन का संशोधित लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।

कोहली की इस पारी के दौरान मैदान में मौजूद दर्शकों ने उनके जन्मदिन से पहले ही ‘हैप्पी बर्थडे’ गाना शुरू कर दिया था। विराट ने भी मुस्कुराकर प्रशंसकों का अभिवादन किया।

19 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में कई बड़ी उपलब्धियां

विराट कोहली ने 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड बनाए और भारतीय टीम को कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट जिताने में योगदान दिया। वह वनडे विश्व कप, टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं।

उनकी बल्लेबाजी, फिटनेस और मैदान पर जीत के प्रति जुनून ने उन्हें दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों के बीच खास पहचान दिलाई है। 38वें जन्मदिन पर क्रिकेट जगत से मिल रही शुभकामनियां उनके इसी प्रभाव को दर्शाती हैं।

Share: WhatsApp X Facebook

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *