धीरेंद्र शास्त्री को रविंद्र पुरी का समर्थन, बोले- जुबान फिसली थी, भगवान कृष्ण के प्रति भाव गलत नहीं था

धीरेंद्र शास्त्री को रविंद्र पुरी का समर्थन, बोले- जुबान फिसली थी, भाव गलत नहीं था
उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर चल रहे विवाद के बीच अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज ने उनका समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि शास्त्री की जुबान फिसल गई थी, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनका भाव गलत नहीं था। ऐसे मामले को ज्यादा तूल देना उचित नहीं है।
बुधवार को उज्जैन पहुंचे रविंद्र पुरी महाराज ने निरंजनी अखाड़े में भक्तों से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के बयान, उत्तर प्रदेश की राजनीति और उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर अपनी बात रखी।
क्या बोले रविंद्र पुरी महाराज?
महंत रविंद्र पुरी ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री युवा संत हैं और भगवान श्रीकृष्ण के भक्त भी हैं। कई बार भावावेश में बोलते समय व्यक्ति से गलती हो जाती है। उन्होंने कहा कि कभी जुबान फिसल जाती है और कभी बात का अर्थ अलग निकल जाता है। उनके मुताबिक, शास्त्री का भगवान कृष्ण का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था।
उन्होंने यह भी कहा कि धीरेंद्र शास्त्री स्वयं कथा करते हैं और भगवान कृष्ण के भक्त हैं। इसलिए इस बयान को लेकर विवाद को लगातार बढ़ाना सही नहीं है।
किस बयान पर शुरू हुआ था विवाद?
दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की मुद्रा और स्वरूप की तुलना करते हुए कुछ टिप्पणियां की थीं। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कई संतों और श्रद्धालुओं ने आपत्ति जताई थी।
विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया और उनका उद्देश्य भगवान राम और श्रीकृष्ण में भेद करना नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी बात से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तो वे क्षमा चाहते हैं।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
उज्जैन में बातचीत के दौरान रविंद्र पुरी महाराज ने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे हिंदुओं को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। उत्तराखंड को लेकर भी उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की वापसी का दावा किया।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की तारीफ
महंत रविंद्र पुरी ने उज्जैन में चल रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर में पुल, सड़कें और घाटों से जुड़े काम तेजी से हो रहे हैं। उनके अनुसार, आगामी सिंहस्थ 2028 को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां दिखाई दे रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हो रहे कार्यों की भी प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि आगामी सिंहस्थ श्रद्धालुओं के लिए विशेष अनुभव साबित होगा।




Leave a Reply