उज्जैन में 17 नवंबर को रामकथा सुनाएंगे मोरारी बापू, सांदीपनि आश्रम के सामने बनेगा भव्य पंडाल

उज्जैन में 17 नवंबर को मोरारी बापू की रामकथा, जानें पूरा कार्यक्रम
महाकाल की नगरी उज्जैन में 17 नवंबर को प्रसिद्ध रामकथा वाचक संत मोरारी बापू के मुख से श्रीराम कथा की गूंज सुनाई देगी। वे अपनी भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत उज्जैन पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ दो विशेष ट्रेनों से करीब 900 श्रद्धालु भी शहर आएंगे। उज्जैन में महाकाल दर्शन और सांदीपनि आश्रम में पूजा-अर्चना के बाद एक दिवसीय रामकथा का आयोजन किया जाएगा।
सांदीपनि आश्रम के सामने होगा आयोजन
श्रीराम कथा के लिए अंकपात रोड स्थित महर्षि सांदीपनि आश्रम के सामने खाकचौक में स्थान तय किया गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने गुरु सांदीपनि से शिक्षा प्राप्त की थी। ऐसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व वाले स्थान पर मोरारी बापू की रामकथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
आयोजन के लिए करीब पांच बीघा जमीन पर तैयारियां की जा रही हैं। यहां लगभग 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बिना पिलर वाला वाटरप्रूफ डोम बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को कथा सुनने में सुविधा हो। परिसर में दो भोजनशालाएं भी तैयार की जा रही हैं। आयोजकों के अनुसार, एक किसान ने इस आयोजन के लिए अपनी जमीन निःशुल्क उपलब्ध कराई है।
सुबह महाकाल दर्शन के बाद सुनाएंगे रामकथा
कार्यक्रम के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मोरारी बापू सुबह करीब 7:30 बजे विशेष ट्रेन से उज्जैन पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 8 बजे बाबा महाकाल के दर्शन, अभिषेक और पूजन करेंगे। सुबह 8:30 बजे मां शिप्रा के दर्शन और 9 बजे सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के दर्शन करेंगे।
इसके बाद सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। कथा के बाद उनके साथ आए श्रद्धालु परिसर में ही भोजन करेंगे। इसके बाद मोरारी बापू और उनके साथ आए श्रद्धालु विशेष ट्रेन से आगे की यात्रा के लिए रवाना होंगे।
आयोजन पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान
कार्यक्रम के संयोजकों कैलाश चौहान और पुनीत नागर के अनुसार, कथा के लिए बड़े स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। करीब 30 हजार वर्गफीट का पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम भी किया जा रहा है। आयोजकों ने इस एक दिवसीय कार्यक्रम पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान जताया है। कार्यक्रम के लिए कलेक्टर से अनुमति मिलने की जानकारी भी दी गई है।
पहले भी उज्जैन आ चुके हैं मोरारी बापू
मोरारी बापू का उज्जैन से पहले भी धार्मिक जुड़ाव रहा है। अगस्त 2023 में वे 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष रामकथा यात्रा ‘मानस-900’ के तहत उज्जैन पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए थे और सरस्वती स्कूल के पास रामकथा सुनाई थी। सिंहस्थ सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में भी वे उज्जैन आ चुके हैं।
अब भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत होने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्सुकता है। महाकाल की नगरी में एक बार फिर रामकथा के आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।




Leave a Reply