वर्ल्ड डायबिटीज डे: सिर्फ मीठा ही नहीं, रोजमर्रा की ये 4 आदतें भी बढ़ा सकती हैं ब्लड शुगर

World Diabetes Day 2026: मीठे के अलावा ये 4 आदतें बढ़ा सकती हैं ब्लड शुगर
डायबिटीज को लेकर अक्सर माना जाता है कि ज्यादा मीठा खाने से ही ब्लड शुगर बढ़ता है, लेकिन ऐसा नहीं है। रोजमर्रा की जीवनशैली और कुछ आदतें भी शरीर में ग्लूकोज के स्तर को प्रभावित कर सकती हैं। सात घंटे से कम सोना, लगातार तनाव में रहना, लंबे समय तक भूखे रहना और देर रात भोजन करना ऐसी आदतें हैं, जिन पर ध्यान देना जरूरी है। हर साल 14 नवंबर को वर्ल्ड डायबिटीज डे मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर पहचान को प्रोत्साहित करना है।
तनाव का असर भी बढ़ा सकता है ब्लड शुगर
लगातार तनाव में रहने से शरीर में कोर्टिसोल और एड्रेनालाईन जैसे हार्मोन रिलीज होते हैं। ये हार्मोन लिवर में ग्लूकोज का उत्पादन बढ़ा सकते हैं, जिससे ब्लड शुगर का स्तर प्रभावित हो सकता है।
लंबे समय तक तनाव रहने से इंसुलिन रेसिस्टेंस का जोखिम भी बढ़ सकता है। इसके अलावा तनाव के कारण कुछ लोग अधिक मीठा या कैलोरी वाला भोजन खाने लगते हैं और शारीरिक गतिविधियां भी कम हो जाती हैं। योग, ध्यान और नियमित व्यायाम तनाव को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं।
सात घंटे से कम नींद लेना पड़ सकता है भारी
नींद की कमी का असर केवल थकान तक सीमित नहीं रहता। रोजाना पर्याप्त नींद नहीं लेने से इंसुलिन की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है और इंसुलिन रेसिस्टेंस का जोखिम बढ़ सकता है।
अच्छी नींद शरीर की जैविक घड़ी यानी सर्कैडियन रिदम को संतुलित रखने में मदद करती है। वहीं, नींद पूरी नहीं होने पर इंसुलिन और कोर्टिसोल जैसे हार्मोन का संतुलन प्रभावित हो सकता है। इसके कारण मीठा और अधिक कैलोरी वाला भोजन खाने की इच्छा भी बढ़ सकती है।
लंबे समय तक फास्टिंग करना हर किसी के लिए सही नहीं
वजन कम करने के लिए इंटरमिटेंट फास्टिंग का चलन बढ़ा है, लेकिन यह हर व्यक्ति के लिए एक जैसा असर नहीं दिखाती। लंबे समय तक भूखे रहने से कुछ लोगों में कोर्टिसोल जैसे तनाव से जुड़े हार्मोन सक्रिय हो सकते हैं। इससे लिवर में ग्लूकोज का उत्पादन बढ़ सकता है और ब्लड शुगर प्रभावित हो सकता है।
इसलिए फास्टिंग शुरू करने से पहले अपनी स्वास्थ्य स्थिति को समझना जरूरी है। खासकर डायबिटीज के मरीजों को खानपान या फास्टिंग के पैटर्न में बदलाव डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए।
देर रात खाना और तुरंत सो जाना भी है चिंता की बात
रात में देर से भोजन करना और खाना खाने के तुरंत बाद सो जाना भी ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकता है। रात के समय शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी दिन की तुलना में कम हो सकती है। ऐसे में देर रात भारी भोजन करने से भोजन के बाद शुगर बढ़ने की आशंका रहती है।
समय पर भोजन करना और रात के खाने के बाद कुछ देर सक्रिय रहना बेहतर दिनचर्या का हिस्सा हो सकता है।
वर्ल्ड डायबिटीज डे 2026 की थीम
हर साल 14 नवंबर को वर्ल्ड डायबिटीज डे मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्ष 2026 की थीम ‘Early Action on Diabetes’ यानी डायबिटीज पर शुरुआती कार्रवाई है। इसका उद्देश्य समय पर जांच, बीमारी की पहचान और बेहतर इलाज की उपलब्धता को बढ़ावा देना है।
ब्लड शुगर नियंत्रित रखने के लिए क्या करें?
स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए नियमित समय पर भोजन करें, पर्याप्त नींद लें और रोजाना शारीरिक गतिविधि को जगह दें। भोजन में फाइबर युक्त चीजें, सब्जियां और दालें शामिल करना भी मददगार हो सकता है। मीठे पेय और अत्यधिक प्रोसेस्ड भोजन का सेवन सीमित रखें।
यदि परिवार में डायबिटीज का इतिहास है या वजन अधिक, हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याएं हैं, तो डॉक्टर से जांच के बारे में सलाह लें। फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज और HbA1c जांच से ब्लड शुगर की स्थिति का पता लगाने में मदद मिल सकती है।




Leave a Reply